बरेली। स्वास्थ्य सेवाओं और चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं की हकीकत परखने को शुक्रवार को अलीगढ़ अस्पताल की 25 सदस्यीय टीम बरेली पहुंची। उन्होंने पुनर्वास केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस, अर्बन हेल्थ सेंटर का निरीक्षण किया। यहां चल रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें अलीगढ़ के अस्पताल में भी संचालित करने का प्रयास करने की बात कही।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम (सिफ्सा) के तहत एक अनूठी पहल की गई है। इसके तहत शुक्रवार को अलीगढ़ स्वास्थ्य विभाग से 25 सदस्यीय टीम बरेली पहुंची। इसमें 19 आशा कार्यकर्ता, एक एएनएम, दो ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, दो ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर, एक जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर शामिल रहे। डीसीपी जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एक्सचेंज विजिट के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा संचालित कार्यक्रमों और गतिविधियों को और अधिक बेहतर बनाने का प्रयास है। इसी क्रम में 27 से 30 अगस्त तक बरेली की 25 सदस्यीय टीम अलीगढ़ में तुलनात्मक अध्ययन करेगी।