बरेली। लड़की होने पर मां-बाप गुरुनानक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में छोड़ गए प्री-मिच्योर बच्ची के इलाज में दिक्कत आ रही है। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. डीएन शर्मा ने इस मामले में एडी हेल्थ से वार्ता करने के बाद बच्ची को शाहजहांपुर को जिला अस्पताल भेजने के आदेश दे दिए हैं।
इस मामले में अस्पपाल के डायरेक्टर डॉ. संतोष सिंह ने 24 जून को न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के सामने यह बयान दिया था कि छह मई को उपचार के लिए एक बच्ची को भर्ती कराया गया था। 28 मई को बच्ची के परिजन यह कहते लगे कि भर्ती कराया गया बच्चा लड़का था और उसे बदलकर लड़की दी जा रही हैै। इसके बाद वह बच्ची को अस्पताल में ही छोड़ कर चले गए। डायरेक्टर ने इस बच्ची को किसी दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने की गुहार लगाई थी। इस मामले में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. डीएन शर्मा का कहनाहै कि इस मामले में सीएमओ, एडीएसआईसी, महिला अस्पताल की अधीक्षिका सहित कई अधिकारियों से बात हुई लेकिन उनसे कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिले। समिति को एडी हेल्थ ने बताया कि इस बच्ची का समुचित इलाज शाहजहांपुर के एसएनसीयू में कराया जा सकता है। इस संबंध में शाहजहांपुर के सीएमएस को भी निर्देशित किए जा चुके हैं। इसके बाद समिति ने गुरुनानक हॉस्पिटल को नोटिस देते हुए बच्ची को शाहजहांपुर को आदेशित किया गया है।