बरेली। परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत गांव से शहर तक कार्यक्रम चलाएगा। 11 जुलाई को जिला महिला अस्पताल से रैली निकालकर 25 जुलाई तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
परिवार नियोजन नोडल अधिकारी डॉ. साधना अग्रवाल ने बताया, कार्यक्रम के पहले चरण में 27 जून से 10 जुलाई तक दंपती संपर्क किया जा चुका है। दूसरे चरण में 11-25 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा चलेगा। इसमें ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा इकाइयों द्वारा सामुदायिक स्तर के कार्यकर्ताओं, आशाओं एवं एएनएम के जरिये परिवार नियोजन सामग्री वितरित की जाएगी। यह कार्यक्रम ‘परिवार नियोजन से निभाएं जिम्मेदारी-मां और बच्चे के स्वास्थ्य की पूरी तैयारी’ थीम पर आयोजित होगा। प्रचार-प्रसार के लिए इससे संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जागरूकता के लिए धर्मगुरु और स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जाएगा।