बरेली। उपचार अभाव में बच्ची की मौत के बाद प्रशासन को जिला अस्पताल में बच्चों के उपचार की चिंता हुई है। कमिश्नर के निर्देश पर सीएमएस ने डायलिसिस यूनिट के पास खाली पड़ी जगह को बच्चा वार्ड बनाने के लिए उपयुक्त बताया है।
पिछले जिला अस्पताल और महिला अस्पताल की लड़ाई में फंसकर नवजात बच्ची की उपचार के अभाव में मौत हो गई थी। दोनों ही अस्पताल बहाने बनाकर बच्ची के परिजन को टरकाते रहे थे। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता और एक अन्य डॉक्टर को निलंबित कर दिया था। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद अब प्रशासन को जिला अस्पताल में बच्चा वार्ड की याद आई है। कमिश्नर ने सीएमओ से जिला अस्पताल में बच्चा वार्ड के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा तो उन्होंने सीएमएस डॉ. टीएस आर्या को यह जिम्मेदारी सौंपी। डॉ. टीएस आर्या ने जिला अस्पताल के पश्चिमी भाग में डायलिसिस यूनिट के पास खाली पड़ी जगह में बच्चा वार्ड बनाने का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया, जिला अस्पताल का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजा जा रहा है। आगे की कार्यवाही उनके निर्देशानुसार होगी।