आंवला। कस्बे के नर्सिंग होम में प्रसूता की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जानकारी मिलने पर कोतवाल सुनील कुमार ने नर्सिंग होम संचालक को हिरासत में लेकर मृतका के परिजन को कार्रवाई का आश्वासन देकर आधा घंटा बाद जाम खुलवाया।
भीमपुर के जयवीर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का प्रसव कस्बे की एक दाई ने बृहस्पतिवार को दोपहर 1 बजे उनके घर पर करवाया था, लेकिन थोड़ी देर बाद ही पत्नी के पेट में दर्द होने लगा। वह पत्नी को लेकर कस्बे के शिफा नर्सिंग होम में पहुंचे तो वहां मौजूद डॉक्टर ने ठीक करने की गारंटी लेकर भर्ती कर लिया। आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही के चलते उसकी पत्नी की मौत हो गई। डॉक्टर आबिद अली ने बताया कि प्रसूता को ब्लीडिंग हो रही थी। परिजन को हालत के बारे में बता दिया था। महिला की हिमोग्लोबिन 6 प्रतिशत था।
गौरतलब है इन्हीं डॉक्टर पर एक महिला ने पर्याप्त जानकारी के अभाव में सर्जरी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी, इसकी जांच स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई है। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया जावेद अली के खिलाफ लापरवाही करने के आरोप में धारा 304 ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गहने गिरवी रखकर करा रहे थे इलाज
मृतका के भतीजे भागीरथ ने बताया कि भर्ती करने के बाद डॉक्टर आबिद अली ने गारंटी से ठीक करने की बात कही और पैसे जमा करने को कहा, पास में नकदी न होने पर उसने घर से गहने लाकर स्थानीय साहूकार के पास गिरवी रखकर डॉक्टर की फीस का इंतजाम किया।
विशारतगंत में बुखार से बच्चे की मौत होने के परिजन ने किया हंगामा
बिशारतगंज। झोलाछाप के क्लीनिक में गुरुवार को बुखार से पीड़ित एक बच्ची ने दम तोड़ दिया। पिछले 10 दिनों में बिशारतगंज में झोलाछाप के क्लीनिक में बुखार से हुई यह दूसरी मौत है। बच्ची की मौत के बाद परिजन ने हंगामा किया। मृतका की मां विलाप करते हुए क्लीनिक के सामने ही सड़क पर धरना देकर बैठ गई, जिससे यहां भीड़ लग गई और सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। किसी ने फोन से घटना की जानकारी एसडीएम आंवला और सीएमओ को दे दी। एसडीएम की सूचना पर तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। स्थानीय लोगों ने मध्यस्थता करके करीब 2 घंटे के बाद दोनों पक्षों में समझौता कराकर फिलहाल मामला शांत कर दिया। इधर सीएमओ बरेली ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएमओ अशोक कुमार को घटना की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विनीत शुक्ला, सीएमओ