झोलाछाप पति समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बरेली। नगरिया परीक्षित निवासी झोलाछाप जमशेद खान ने दहेज के लालच में दूसरा निकाह कर लिया। बाद में पहली बीवी शरमीन को तीन तलाक दे दिया। शरमीन ने जमशेद समेत सात लोगों के खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, डेलापीर निवासी शरमीन खान का निकाह 22 साल पहले जमशेद से हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। 15 मार्च को आरोपियों ने कमरे में घुसकर उन्हें पीटा और अलमारी में रखे जेवरात निकालकर 18 साल की बेटी हिना समेत घर से निकाल दिया। नौ अप्रैल को उन्हें पता लगा कि जमशेद ने दूसरा निकाह कर लिया है। वह बेटी के साथ शौहर से बात करने ससुराल पहुंचीं तो उनसे मारपीट की गई और फिर शौहर ने तीन तलाक दे दिया। शरमीन ने थाना इज्जतनगर में जमशेद खान, सास मल्लो बेगम, ससुर जमील खान समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।