ऑल इंडिया मदीना कौंसिल के अध्यक्ष मोइन सिद्दीकी को एक लड़की की नौकरी लगाने के लिए सवा तीन लाख रुपये हड़पना महंगा पड़ गया। सीओ के आदेश पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
बारादरी के मोहल्ला हजियापुर में रहने वाली सीमा खान ने पुलिस को बताया कि चक महमूद में रहने वाला मोइन सिद्दीकी खुद को ऑल इंडिया मदीना कौंसिल का अध्यक्ष बताता है। करीब चार साल से उसका पड़ोस में रहने वाले ममेरे भाई पप्पू के पास उसका आना-जाना था। इसके बाद उसके घर भी उठना-बैठना हो गया। सीमा के अनुसार मोइन ने उसके वालिद से कहा कि आपकी बेटी पढ़ी-लिखी है। इसकी नगर निगम में बाबू की नौकरी लगवा दूंगा। मोईन ने उसके पिता से नौकरी के नाम पर सवा तीन लाख रुपये ले लिए। उन्होंने नगर निगम में नौकरी को दबाव बनाया तो कहने लगे कि जिला अस्पताल में पर्चा बनाने वाले एक कर्मचारी का पद खाली है। इस पद पर नौकरी मिल जाएगी। वहां भी नौकरी नहीं मिली तो जगतपुर पीएचसी में नौकरी दिलाने का वादा करने लगे। दबाव बनाया तो जिला अस्पताल में नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। इसमें एक केंद्रीय मंत्री का पैड का इस्तेमाल किया गया था। ठगी का अहसास होने पर सीमा ने पिता को साथ लेकर सीओ से मुलाकात कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ ने विवेचक धर्मेंद्र कुमार को बुलाकर आरोपी की गिरफ्तारी करा दी।
कर्ज लेकर दी थी रकम
सीमा के पिता ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाक र परिवार चलाते हैं। उन्होंने बेटी की नौकरी लगवाने के लिए कर्ज लेकर सवा तीन लाख रुपये मोइन सिद्दीकी को दिए थे। उन्होंने कहा कि मेहनत मजदूरी कर कर्ज चुका रहे हैं।