मढ़ीनाथ में फायरिंग से घायल शख्स के बंद घर को बनाया निशाना
बरेली। बुधवार को दिनदहाड़े चोरों ने किला क्षेत्र में हजरत कोड़ा शाह की मजार का दानपात्र तोड़कर हजारों रुपये चोरी कर लिए। उधर, सुभाषनगर के मढ़ीनाथ में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया।
हजरत कोड़ा शाह मियां की मजार के इंतजामिया पाशा मियां ने किला थाने में तहरीर देकर बताया कि बुधवार दिन में किसी वक्त चोरों ने मजार के दानपात्र को तोड़कर सारी रकम चोरी कर ली। चोरों ने मजार का अंदरूनी गेट भी तोड़ने की कोशिश की। देर रात किला इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।
उधर, सुभाषनगर थाने के सिठौरा मढ़ीनाथ निवासी कंचनलता ने बताया कि पांच जुलाई को उनके पति पुष्पेंद्र को गांव के ही कुछ लोगों ने गोली मार दी थी। उनका एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह हॉस्पिटल में उनकी देखरेख कर रही हैं। बच्चे रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं। कंचनलता के मुताबिक सात जुलाई को उनकी बहन ने इलाज के लिए रुपये दिए थे। बेटी ने रुपये घर में अलमारी में रख दिए थे। उसके बाद ताला लगाकर मौसी के घर चली गई। दिन में बारिश के वक्त चोर छत के रास्ते गेट खोलकर घर में घुस गए और अलमारी का लॉक तोडक़र नकदी चोरी कर ले गए।