प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सिविल लाइंस का एक्यूआई सामान्य
बरेली। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के थमने के बाद शहर पर धुंध मंडरा रही है। आवासीय क्षेत्र राजेंद्रनगर में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 142 यानी खतरे के निशान से 42 अंक अधिक दर्ज हुआ। व्यावसायिक क्षेत्र सिविल लाइंस में एक्यूआई सामान्य रहा।
मौसम विभाग ने दो दिन पूर्व ही शहर में सुबह-शाम धुंध समेत कोहरा छाने का अनुमान जताया था। सोमवार सुबह शहर पर धुंध की चादर बिछी रही। शहर के बाहरी इलाकों में हल्का कोहरा भी छाया रहा। सुबह नौ बजे के बाद तेज धूप निकलने पर धुंध छटी, पर शहर की हवा में धूल के कण की अधिकता से आवासीय क्षेत्र में एक्यूआई 142 रहा। इसमें पीएम 2.5 शून्य जबकि पीएम 10 का स्तर 140 के पार दर्ज हुआ। पीसीबी के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार ऐसी हवा से सांस के मरीजों की तकलीफ बढ़ सकती है।
वहीं, सोमवार को धूप के बावजूद पारे में एक डिग्री गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 28.4 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से दो डिग्री अधिक 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ब्यूरो