बरेली। हज यात्रियों का अब तक का सबसे बड़ा जत्था ट्रेन से लखनऊ रवाना हुआ। जत्थे को रवाना करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जंक्शन पहुंचे, जिससे वहां भाई चारे का शानदार नजारा देखने को मिला।
बरेली से पिछले दो दिनों में लगभग दो हजार हज यात्री लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। इसमें शुक्रवार को भी 250 हज यात्रियों का जत्था दोपहर में त्रिवेणी एक्सप्रेस से रवाना हुआ। बाकी लोग दूसरी ट्रेनों और निजी वाहनों से गए हैं। गत दिवस यहां से गए हज यात्रियों की उड़ान लखनऊ से शुक्रवार को हो गई है, जबकि दूसरे रोज रवाना हुए यात्रियों की फ्लाइट शनिवार को जाएगी।
जत्थे को रवाना करने के लिए बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खान वारसी के नेतृत्व में तमाम हिंदू मुस्लिम और सिख स्टेशन पहुंचे थे। इन सभी हज यात्रियों को गले मिलकर फूल मालाओं से लाद दिया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री हाजी अताउर्रहमान ने हज यात्रियों को यात्रा के टिप्स और सावधानियां बताईं। सरदार हरजीत सिंह ने हज यात्रियों को लख लख बधाईयां दीं तो मोंटी शुक्ला, शिव कुमार जायसवाल ने शुभकामनाएं दीं। नवाब अय्यूब हसन खां ने लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक... कहते हुए रवाना किया। इस दौरान मोहसिन इरशाद, हाजी नौशाद अली खां, गगन दीप सिंह, हाजी उवैस खान, समयुन खान, इसराफील खान, कुलदीप सिंह, अरमिंदर सिंह, रंजीत सिंह, हरजीत सिंह, शहनाज बी, सोमू मौर्य आदि मौजूद रहे। इसी तरह रोडवेज पर भी हज यात्रियों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
इसी तरह फैजाने नियाजिया वेलफेयर सोसाइटी के बानी डा. कमाल मियां नियाजी के साथ आए लोगों ने इत्र लगाते हुए हार फूल पहनाकर मुबारकबाद पेश की। उनके साथ हमजा नियाजी, जैन मियां नियाजी, राजी नियाजी, हाफिज साजिद, सैयद यावर हुसैन आदि मौजूद रहे।
मुफ्ती मोहम्मद मियां हज पर रवाना
अरबिया काशीफुल उलूम के मोहतमिम मुफ्ती मोहम्मद मियां कासमी अपनी पत्नी के साथ हज पर रवाना हो गए हैं। इसके अलावा कैंट के एमईएस से अवकाश प्राप्त अधिकारी समशुल हक पत्नी रेहाना बी, शहर के रेती से इरफान, खालिद रहमान, आजम नगर के वाजिद अली, फरहत जहां आदि हैं।