पचास लाख से ज्यादा रुपये हड़पे, तीन निदेशकों पर कराई रिपोर्ट
बरेली। हरियाणा की फर्म ने क्राफ्ट पेपर मंगवाकर रामा श्यामा पेपर मिल के पचास लाख रुपयों की धोखाधड़ी कर ली। कोतवाली में हरियाणा की फर्म के तीन निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
रामा श्यामा पेपर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सुनील गोयल ने कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि हरियाणा की फर्म पैक एन पैक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक संदीप गर्ग, वंश गर्ग और ध्रुव गर्ग ने वर्ष 2021 में क्राफ्ट पेपर का सौदा किया था। बैंक की ओर से जारी एलसी देकर ये लोग पेपर की सप्लाई कराते रहे। उनसे 50,89,900 रुपये का क्राफ्ट पेपर मंगा लिया। जब उन्होंने एलसी के बारे में पता किया तो वह पहले से सीज किया जा चुका था। जब तीनों निदेशकों से रुपये मांगे तो वह टालमटोल करने लगे।
इन लोगों ने रामा श्यामा पेपर्स मिल के 50,89,900 रुपये धोखाधड़ी कर हड़प लिए। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जब सुनील गोयल तीन फरवरी को फर्म के पते पर पहुंचे तो वहां वंश के पिता ध्रुव कुमार ने उन्हें गुमराह करने की कोशिश की और अभद्रता भी की। इसके बाद उन्हें धमकी देकर भगा दिया। सुनील गोयल की शिकायत पर कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया। ब्यूरो