नवाबगंज। क्षेत्र के गांव हरदुआ किफायतुल्ला के रामनवमी की शोभायात्रा और चेहल्लुम के जुलूस के एक ही दिन पड़ने के मामले को पुलिस और प्रशासन ने कई दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सुलझा लिया है।
कोतवाली में आयोजित दोनों पक्षों की बैठक में कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव ने दोनों पक्षों से वार्ता कर इसका हल निकालने के लिए दोनों ग्रामों के तजियादारों को बधाई दी। दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के मुताबिक अब ग्राम हरदुआ किफायतुल्ला में चेहल्लुम की गश्त 16 अगस्त की जगह एक दिन आगे 17 अगस्त को रात में होगी। अगले दिन 18 अगस्त को हरदुआ तिराहे पर चेहल्लुम का मेला लगेगा।
इसके साथ ही ग्राम में रामनवमी की शोभायात्रा 17 अगस्त को शाम चार बजे से शाम छह बजे तक निकाली जाएगी। इसके साथ ही ग्राम रिछोला किफायतुल्ला में गश्त 16 और 17 अगस्त को होगी। 18 अगस्त को सभी तख्त जुलूस के साथ मेला पहुंचेंगे। इस वार्ता में हरदुआ किफायतुल्ला के प्रधान के पति इरशाद अहमद, धीरेंद्र कुमार उर्फ धरमू, अतीक अहमद, इरफान, अमित कुमार, मुमताज, रफीक, यासीन शाह, यशपाल, सुलेमान कलंदर, कमरुद्दीन, इंतजार, तस्लीम आदि शामिल रहे। मामला सुलझने पर एसडीएम, सीओ आदि ने दोनों पक्षों को बधाई देते हुए आपसी सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व मनाए जाने की अपील की। संवाद
बिशारतगंज में चेहल्लुम मेला शुक्रवार को
बिशारतगंज। कस्बे का प्रसिद्ध चेहल्लुम मेला शुक्रवार को लगेगा। मेला आयोजन कमेटी के पदाधिकारी इकराम खां ने बताया कि मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले में झूले, हलवा पराठा आदि की दुकानें लगनी शुरू हो गई हैं। मेले में व्यापक प्रबंध किए गए हैं। संवाद