भोजीपुरा। वृहद गोशाला महेशपुर शिवसिंह में बुधवार को डीएम के आने की सूचना पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करा दिया गया, लेकिन बाद में डीएम के आने का कार्यक्रम ही टल गया। उनकी जगह पर एसडीएम सदर ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ग्रामीणों के अनुसार इस गोशाला में भूसे-हरा चारा न मिलने से नौ गोवंशों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य गोवंशों की हालत खराब थी। हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल ने यह आरोप लगाते हुए कमिश्नर डीएम व सीडीओ से कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद यहां सीवीओ, बीडीओ, एसडीएम सदर, सीडीओ ने निरीक्षण किया। यहां अव्यवस्थाएं मिलीं। मंगलवार को सीडीओ देवयानी ने यहां निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए थे।
बुधवार को डीएम के निरीक्षण के कार्यक्रम को देखते हुए इस गोशाला में साफ-सफाई व्यवस्था कराई गई। भूसा व हरा चारा पहुंचा दी गई। यहां बीमार गोवंशों का इलाज भी शुरू कर दिया गया है। निरीक्षण के बाद एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। संवाद
-
क्योलड़िया में गोशाला में मिली गंदगी, लगी डांट
क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक के गांव मधु नगला में बनी वृहद गोशाला का बुधवार को एसडीएम उदित पवार ने निरीक्षण किया। गोशाला में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम प्रधान को सफाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गाय और नंदी एक साथ मिले, जिनको अलग-अलग रखने के लिए एसडीएम ने कहा। इसमें 440 गोवंशों में 350 के टैगिंग मिले। बीमार गायों को अलग रखने, नियमित इलाज कराने के लिए अलग सेट की व्यवस्था, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं, तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह ने दलेल नगर गांव में वाणी गोशाला का जायजा लिया। यहां जगह-जगह गंदगी मिली। बीमार और कमजोर पशु एक साथ रखे हुए मिले। उन्होंने साफ-सफाई कराने एवं हरा चारा गोवंशों को देने के लिए कहा। संवाद
मीरगंज में ठीक मिली व्यवस्था
मीरगंज। एसडीएम इशिता किशोर ने बुधवार को नगर पंचायत स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं ठीक मिलीं। बीडीओ मीरगंज और तहसील कर्मचारियों की टीम ने हल्दी खुर्द और कपूरपुर स्थित गोशाला में पहुंचे। यहां व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कहा गया। संवाद