फरीदपुर में एक ग्रामीण को उल्टा लटकाकर रजऊ चौकी प्रभारी ने जमकर पीटा। आरोप है कि बाद में उसे पांच हजार रुपये वसूलकर छोड़ दिया। शिकायत के बाद फरीदपुर विधायक ने हड़काया तो ग्रामीण के रुपये वापस कराए गए। अब चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। हालांकि वह आरोप को निराधार बता रहे हैं।
बिथरी चैनपुर थाने की चौकी रजऊ प्रभारी राजकुमार के खिलाफ गांव रसुईया निवासी मुरारी ने शिकायत की है। मुरारी का आरोप है कि उनकी पड़ोसी से रंजिश चल रही है। वह उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाना चाहता है। 10 मार्च को पड़ोसी का हाथ कट गया तो उसने चौकी में उन पर आरोप लगाते हुए शिकायत कर दी। मुरारी का कहना है कि चौकी प्रभारी राजकुमार फोर्स लेकर गांव आए।
उन्होंने गांव में जांच की तो तमाम ग्रामीणों ने घटना को झूठा बताया। इसके बावजूद पुलिस उनके घर में घुस गई। गालीगलौज करने के बाद चौकी प्रभारी मुरारी को जीप में बैठाकर चौकी ले गए। मुरारी का आरोप है कि चौकी में उसे उल्टा लटका दिया गया और बुरी तरह पीटा गया। बाद में चौकी प्रभारी ने पांच हजार रुपये वसूल करके छोड़ा। घर पहुंचकर मुरारी ने घटना की शिकायत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल से की। विधायक ने चौकी प्रभारी से मोबाइल पर बात कर नाराजगी जताई। तब चौकी प्रभारी ने मुरारी को चौकी बुलाकर रुपये लौटा दिए।
किसने क्या कहा
ग्रामीण मुरारी को पीटकर उससे वसूली की गई थी। उसने चौकी प्रभारी राजकुमार पर पांच हजार रुपये लेने का आरोप लगाया था। मैंने राजकुमार से यह रकम वापस करा दी। उन्हें हिदायत भी दी कि अगर दोबारा ऐसा किया तो बख्शा नहीं जाएगा। अगर मुरारी के खिलाफ शिकायत सही थी तो उस पर रिपोर्ट कर उसे जेल भेजना चाहिए था।
- डॉ. श्याम बिहारीलाल, विधायक फरीदपुर
रजऊ चौकी प्रभारी ने अगर सुविधा शुल्क लिया है तो इसकी जांच की जाएगी। आरोप सही साबित होने पर उनके खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- रवींद्र कुमार, एसपी सिटी
मुरारी और उसके सगे मौसेरे भाइयों में होली के दिन झगड़ा हुआ था। पुलिस उन्हें चौकी लाई थी। त्योहार की वजह से दोनों को समझाकर छोड़ दिया था। इन पर कोई कार्रवाई न करना ही मेरी गलती रही, वर्ना ऐसा आरोप नहीं झेलना पड़ता।
- राजकुमार, चौकी प्रभारी रजऊ