विधायक राजेश अग्रवाल के कार्यालय के बाहर का अतिक्रमण (शौचालय) न हटाए जाने पर सोमवार को मोहल्ले के लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने अतिक्रमण हटाने में पक्षपात करने का आरोप लगाया। इसके चलते निगम की टीम को शौचालय हटाने के लिए शम तक का समय देकर अपना अभियान बंद करना पड़ा।
नगर निगम की टीम और बारादरी पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार दोपहर 12 बजे बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट के सामने कालीबाड़ी रोड पर शुरू किया। शुरू में जनरेटर हटाने को लेकर एक कारोबारी और निगम कर्मियों के बीच नोकझोंक हुई। हालांकि जनरेटर हटा दिया गया। रोड किनारे रखे खोखा और छिटपुट निर्माण तोड़ने के बाद अभियान कुछ आगे बढ़ा तो एक हास्पिटल के सामने जनरेटर हटाने को लेकर नगर निगम टीम की डॉक्टर से झड़प हो गई।
कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के कार्यालय के बाहर शौचालय बना है। वहीं एक जनरेटर रखा है। नगर निगम टीम और पुलिस शौचालय और जनरेटर हटाए बगैर आगे बढ़ गई। यह देखकर मोहल्ले वालों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके विरोध में लोगों ने रोड पर खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे सड़क पर जाम लग गया। उनका आरोप था कि अतिक्रमण हटाने में पक्षपात किया जा रहा है। माहौल गर्माता देख निगम कर्मियों और पुलिस ने विधायक के कार्यालय में जाकर बातचीत की। इसके बाद विधायक का शौचालय और जनरेटर हटाने को शाम तक का समय देकर अतिक्रमण अभियान बंद कर दिया गया। निगम की टीम में सहायक नगर आयुक्त विकास सेन, राम सिंह जाटव, जयपाल पटेल शामिल रहे।