इस बार पिछले वर्ष से छह डिग्री ज्यादा तापमान है, बिजली विभाग इससे बेखबर है। पूरे दिन शहर में सप्लाई बिना कारण गुल हो रही है, इससे पेयजल सप्लाई भी प्रभावित है। उपकेंद्रों से संपर्क करने पर कोई सही जानकारी नहीं मिल पा रही है। सबसे ज्यादा शाहदाना उपखंड में मनमानी हो रही है।
पिछले कुछ दिनों से सुबह दस बजते ही जगह-जगह सप्लाई गुल हो रही है। विभाग ने नवरात्रि पर पूरे पूरे दिन सप्लाई गुल रखी। इससे पानी भी नहीं मिल पाया। पूरे शहर में जगह जगह केईआई कंपनी के ठेकेदार काम रहे हैं, इसकी जानकारी संबंधित उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को रहती है, नियमानुसार चार घंटे से ज्यादा कटौती होने पर सार्वजनिक सूचना एसडीओ को प्रसारित करनी चाहिए। स्थिति यह है कि सप्लाई सुधार कार्य तेज होने पर एक भी एसडीओ ने इसकी जिम्मेदारी नहीं उठायी है।
कागजों में कटौती सिर्फ 50 मिनट, बिजली गुल रही पूरे दिन
शनिवार में शाम 4.45 से 5.05 तक कटौती रही। कागजों पर कुल आकस्मिक कटौती 50 मिनट हुई लेकिन शहरवासी बिजली गुल रहने से पूरे दिन बेहाल रहे। पुराना शहर स्थित बालजती, सेमल खेड़ा, रामवाटिका, सिंधुनगर, कटरा चांद खां, सैलानी, शाहदाना, माधोबाड़ी, सिकलापुर, बृजलोक कालोनी, भूड़, कांकर टोला, नई बस्ती, इज्जतनगर, सनसिटी विस्तार, संजयनगर समेत दर्जनों इलाकों में देर रात तक सप्लाई गुल रही। तमाम प्रभावित लोग एसडीओ शाहदाना से संपर्क करने की कोशिश करते रहे लेकिन मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। सुभाषनगर, सिविल लाइंस आदि इलाकों में आयी समस्या से परेशान लोगों ने जब एसडीओ सिविल लाइंस से संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसे लेकर लोगों में गुस्सा बना रहा।
बिना बताए काम
शहर में स्काडा योजना के तहत काम तेजी से चल रहा है। संबंधित एसडीओ और जेई से मिलीभगत कर बिना पूर्व सूचना के कंपनी ठेकेदार काम शुरू कर देते हैं। इसका खामियाना आम उपभोक्ता उठा रहे हैं।
पूर्व सूचना अनिवार्य
चार घंटे अथवा इससे अधिक सप्लाई सुधार आदि कार्य शुरू कराने से पहले पूर्व सूचना अनिवार्य है। इस संबंध में एसई शहर मनोज पाठक ने निर्देश दिए थे कि एसडीओ काम कराने से एक दिन पहले सार्वजनिक सूचना प्रसारित करेंगे। आकस्मिक कटौती और ब्रेकडाउन आदि होने पर संबंधित प्रमुख उपभोक्ताओं आदि को एसएमएस से सूचना देना अनिवार्य है, लेकिन एक भी एसडीओ इसका पालन नहीं कर रहे हैं।
‘लंबा ब्रेक डाउन और सुधार कार्य की सूचना देना अनिवार्य है। शहर में कटौती नहीं होने पर सप्लाई गुल रही, इससे हजारों लोग बेहाल रहे। संबंधित एसडीओ से जवाब तलब होगा।’
- मनोज पाठक, एसई शहर