बरेली। शहर के ऊपर उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने से खंडवर्षा का दौर जारी है। शुक्रवार को सुबह तेज धूप निकली और पारा चार डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से एक डिग्री अधिक पहुंच गया। अनुकूल माहौल पर कुछ इलाके बारिश से भीगे पर ज्यादातर इलाके उमस से बेहाल रहे।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, उच्च वायुदाब का क्षेत्र बनने की वजह से बादलों के प्रवेश के बावजूद बारिश के लिए अनुकूल माहौल नहीं बन पा रहा है। विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, जिन इलाकों में अनुकूल माहौल बन रहा है, वहां बारिश हो रही है। दो दिन और खंडवर्षा का दौर रहेगा। फिर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने और निम्न वायुदाब का क्षेत्र बनने से बारिश का नया दौर शुरू होगा। फिलहाल, अधिकतम तापमान बढ़ने से लोगों को उमस सता रही है।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से एक डिग्री अधिक 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम पारा भी सामान्य से ज्यादा 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 98 फीसदी और हवा की गति 20-25 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई।
दूषित पानी, बासी भोजन बिगाड़ रहा हाजमा
बारिश के बाद पेट में दर्द, ऐंठन, मरोड़, उल्टी, दस्त के साथ बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की मेडिसिन विभाग की ओपीडी में इलाज के लिए ऐसे चार सौ मरीज पहुंचे। बच्चा वार्ड की ओपीडी में भी डेढ़ सौ बीमार बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। उन्हें दवा के साथ साफ पानी पीने, ताजा भोजन करने, भीगने पर जल्द कपड़े बदलने, बीमार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर को दिखाने का सुझाव दिया है।