साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे, बीसलपुर रोड पर डंपर ड्राइवर की सड़के हादसे में मौत
बरेली। एक तो टूटी-फूटी सड़कें, ऊपर से अंधाधुंध रफ्तार। विकास भवन के ऐन सामने मंगलवार सुबह तेज रफ्तार से निकली कार साइकिल से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले बुजुर्ग रेलकर्मी को रौंद गई। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, बीसलपुर रोड पर भी डंपर के पहिये चेक करने उतरे उसके ड्राइवर को किसी वाहन ने कुचल दिया। उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
पुराना शहर के मोहल्ला कोट में रहने वाले 59 वर्षीय श्रीकृष्ण रेलवे में चुतर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। मंगलवार सुबह वह साइकिल से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। विकास भवन के सामने पीछे से आई किसी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और हादसे के बाद बगैर रुके भाग निकली। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्रीकृष्ण को जिला अस्पताल भिजवाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्रीकृष्ण के एक परिचित ने बताया कि अगले साल ही उनका रिटायरमेंट होना था।
उधर पुराना शहर के ही कटराचांद खां में रहने वाले 38 वर्षीय नंदलाल डंपर ड्राइवर थे। मंगलवार तड़के वह हेल्पर के साथ बीसलपुर से डंपर लेकर लौट रहे थे। हेल्पर ने बताया कि रास्ते में बीसलपुर रोड पर कमुआ गांव के पास डंपर के एक पहिए से आवाज आना पर नंदलाल पहिया चेक करने नीचे उतरे, तभी पीछे से आए किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई।