बड़ा बाईपास पर हादसा, तीन सिपाही भी हुए घायल
पीलीभीत बाईपास पर पोल से टकराई बाइक, छात्र की मौत
बरेली। बिथरी क्षेत्र में बड़ा बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने गश्त को निकले बिथरी थाने के एसएसआई को रौंद दिया और पुलिस जीप में टक्कर मारकर तीन सिपाहियों को भी घायल कर दिया। एसएसआई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, पीलीभीत बाईपास पर रोडवेज बस सामने आने पर छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई, जिससे एक की मौत हो गई और दो छात्र घायल हो गए।
बिथरी थाने के एसएसआई 47 वर्षीय रणधीर सिंह बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे बड़ा बाईपास पर गश्त को निकले थे। टाह ताजपुर में रंगरेज ढाबा के पास जीप रोकने के बाद एसएसआई बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात करने लगे। दो सिपाही कामेंद्र व अंकुर जीप में बैठे थे और एक अन्य सिपाही गौरव उनसे थोड़ा दूर खड़ा था। इसी बीच रामपुर की ओर जा रहे ट्रक ने एसएसआई को रौंदते हुए पुलिस जीप में टक्कर मार दी। इससे एसएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए, तीनों सिपाहियों को भी चोटें लगीं। सभी को इलाज के लिए बरेली भेजा गया, जहां एसएसआई को मृत घोषित कर दिया गया।
देर रात एसएसपी समेत कई अफसरों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल पूछा। एसएसआई रणधीर सिंह जिला अमरोहा में थाना धनौरा मंडी के गांव कासिम सराय के निवासी थे। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
वहीं, बुधवार शाम पांच बजे पीलीभीत बाईपास पर भी हादसा हुआ। जिंगलबेल्स में हाईस्कूल का छात्र संजयनगर निवासी शशांक गंगवार अपने साथी अमन भसीन की बाइक से जा रहा था। साथ ही पढ़ने वाला वीर सावरकर नगर निवासी कुणाल जायसवाल और नवादा शेखान का नितिन उसके पीछे बैठे थे। महानगर कॉलोनी के सामने तेज रफ्तार बाइक रोडवेज बस सामने आने से अनियंत्रित होकर सड़क पर लगे पोल में टकरा गई। पोल से टकराकर शशांक का सिर फट गया। कुणाल को भी गंभीर चोटें आईं। पीछे से आए साथी उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शशांक को मृत घोषित कर दिया गया।