बरेली। बुखारा मोड़ पर शुक्रवार सुबह दो ट्रकों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में उनके ड्राइवरों की मौत हो गई। हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक जाम के हालात रहे। बाद में पुलिस ने दोनों ट्रकों को हटवा कर यातायात सामान्य कराया।
भुता थाने के गांव मगराया के 36 वर्षीय सुरेंद्र ट्रक चलाते थे। वह शुक्रवार को गौरीगंज से सीमेंट भरकर बरेली आ रहे थे। दूसरी ओर से देवरनिया में रेल क्रॉसिंग के पास रहने वाले 45 वर्षीय एहसान अली बरेली से फरीदपुर की ओर ट्रक लेकर जा रहे थे। बुखारा मोड़ पर गांव मानपुर चकटिया के पास सुबह करीब सात बजे दोनों ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में सुरेंद्र और एहसान अली की मौके पर मौत हो गई। टक्कर में दोनों ट्रकों के परखचे उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं हादसे के बाद सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने ट्रकों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। इसमें करीब तीन घंटे का वक्त लगा।
ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त, एक घायल
बिथरी। शहर में बड़ा बाईपास के निकट शुक्रवार सुबह कार को ट्रक ने टक्कर मार दिया। हादसे में सवार घायल हो गया और कार क्षतिग्रस्त हो गई। लखीमपुर खीरी के सरताज हुसैन किसी काम से बरेली आए थे। शुक्रवार सुबह वापस जा रहे थे। रास्ते में बड़ा बाईपास पर नवदिया झारा चौराहा के पास कार को ट्रक ने टक्कर मार दिया।