बरेली। कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी ने कंपनी के जरिये पिरामिड स्कीमों में अयोध्या के लोगों से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये हड़प लिए। अयोध्यावासी अपनी रकम पाने के लिए भटक रहे हैं। अयोध्या निवासी पांच निवेशकों ने बारादरी थाने में कन्हैया गुलाटी समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
निवेशकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को बताया कि कन्हैया गुलाटी, उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, पुत्र गोपाल गुलाटी, साले आशीष महाजन और साले की पत्नी किमी महाजन ने कैनविज की कई फर्जी कंपनियां बनाकर पिरामिड स्कीमों में निवेश करवाकर धोखाधड़ी से रकम हड़प ली।
कंपनी के प्रचारकों ने रियल स्टेट में निवेश करने पर पांच प्रतिशत ब्याज प्रति माह दिलवाने का झांसा दिया। मूल रकम 22 माह के बाद सीधे खाते में भेजने की बात कही थी। गुलाटी के गुर्गों ने एम एसोसिएट्स और हैविटेट डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के खातों में रकम डलवा ली। निवेशकों की संख्या बढ़ाने के लिए शुरुआत में कुछ लोगों को मामूली ब्याज दिया गया, फिर पूरी रकम हड़प ली।
अयोध्या के बरईपारा निवासी जयप्रकाश से एक करोड़ 33 हजार, जगनपुर निवासी अबूबकर से 4208079, कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी विजय कुमार गुप्ता से 34 लाख, दीनदयाल नगर देवकाली निवासी प्रकाश चंद्र से 7 लाख 50 हजार व जगदीशपुर रसूलाबाद निवासी मुकेश कुमार से 4810721 रुपये निवेश करवाकर हड़प लिए।
जब कंपनी के एजेंटों से संपर्क किया तो आरोपी फोन बंद कर गायब हो गए। अब सभी भूमिगत हो गए हैं। ठगी के शिकार पीड़ितों ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर ठगों के बैंक खाते और संपत्ति सीज करने की मांग की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो