एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सटी की मुख्य परीक्षाओं में सबसे संवेदनशील जिले बिजनौर में फिर सामूहिक नकल का मामला पकड़ा गया है। सचल दल की छापेमारी में कैंपस में कई गेस पेपर बरामद हुए। सचल दल ने यूनिवर्सिटी को भेजी रिपोर्ट में सामूहिक नकल का संदेह जताया है। परीक्षा नियंत्रक ने कॉलेज से जवाब तलब करते हुए सीसीटीवी फुटेज मांगी है।
शुक्रवार को सुबह की पाली की परीक्षा के दौरान गुरुनानक डिग्री कॉलेज स्योहारा में सचल दल काफी संख्या में नकल सामग्री पकड़ी। इसमें कई गेस पेपर थे। सचल दस्ते के सदस्यों का कहना है कि कैंपस में इस तरह नकल सामग्री मिलना सामूहिक नकल की ओर इशारा कर रही है। ऐसा संभव है कि उनके आने की सूचना मिलने की वजह से पर्चियां और गेस पेपर छात्रों ने फेंक दिए। हालांकि सचल दस्तों को कमरे में कोई परीक्षार्थी नकल करते हुए या गेस पेपर के साथ नहीं मिला। पर कैंपस के अंदर और बाहर गेस पेपर मिलना नकल का सबूत है। रिपोर्ट के बाद अब विवि प्रशासन कॉलेज के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
बरेली कॉलेज में 6 नकली पकड़े
बरेली कॉलेज में शुक्त्रस्वार को सीसीटीवी की मदद से 6 नकलची पकड़े। कैमरों के जरिये उनको नकल करते देखा गया था। उसके बाद उनकी तलाशी ली गयी। उनके पास पर्चियां बरामद हुई।
सचल दस्ते कहना है कि गेस पेपर कैंपस में मिले हैं। परीक्षा के दौरान आसपास भी गेस पेपर का होना कॉलेज के खिलाफ जाता है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की भी सचल दस्ते ने जांच की पर कुछ मिला नहीं। कॉलेज को नोटिस जारी किया गया है। सीसीटीवी फुटेज भी मांगी गई है।
डॉ. महेश कुमारए परीक्षा नियंत्रक