मौलाना तौसीफ रजा का 27 मई को कैंट क्षेत्र में पालपुर क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के मामले में विवेचना जीआरपी करेगी। एसपी जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग आशुतोष शुक्ला ने बरेली पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। जीआरपी ने कैंट थाना पुलिस से मृतक की पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और पंचनामा मांगा है। जांच में कैंट पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।
बिहार के जिला किशनगंज के थाना पाठामारी ठाकुरगंज के गांव बाखोटोली निवासी मौलाना तौसीफ रजा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। एक सप्ताह बाद सोमवार को उनकी पत्नी तबस्सुम खातून अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने कई गंभीर आरोप लगाए। तौसीफ रजा के शव का पोस्टमॉर्टम समेत अन्य कार्रवाई कैंट पुलिस ने की, लेकिन रिपोर्ट जीआरपी ने दर्ज की है। एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि कैंट पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पंचनामा मांगा गया है। तौसीफ रजा ट्रेन से खुद ही गिरे या फिर उनको धक्का दिया गया इस बारे में विवेचना के बाद ही साफ हो सकेगा। जरूरत होने पर मामले में कैंट पुलिस का सहयोग भी लिया जाएगा। इंस्पेक्टर जीआरपी को विवेचना जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज जुटाए जा रहे हैं। संवाद