बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में मंडनपुर रोड स्थित एक बरातघर में शुक्रवार को वरमाला के बाद गोत्र को लेकर दूल्हा व दुल्हन पक्ष भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन पक्ष ने शादी से ही इन्कार कर दिया। वर पक्ष की ओर से दुल्हन पक्ष को खर्चे का भुगतान करने के बाद दोनों ने ही पुलिस कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इसके बाद बरात दुल्हन के बिना ही लौट गई।
बताया जा रहा है कि वरमाला के बाद दोनों पक्ष की महिलाओं में विवाद हुआ था। इसी दौरान गोत्र की बात सामने आई। वर पक्ष का गोत्र जानने के बाद दुल्हन पक्ष ने इस गोत्र में शादी करने से इन्कार कर दिया। वर पक्ष की ओर से मिला सामान भी लौटा दिया। सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे। यहां वर पक्ष ने शादी में हुए खर्च का भुगतान दुल्हन पक्ष को करने की बात कही। इसके बाद दोनों में समझौता हो गया। इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया दोनों पक्षों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
जयमाला के बाद दुल्हन बेहोश, अस्पताल में आया होश
नवाबगंज इलाके में जयमाला के बाद बृहस्पतिवार को दुल्हन बेहोश हो गई। होश न आने पर परिजन उसे कस्बे के एक निजी अस्पताल ले गए। यहां दोपहर बाद उसे होश आया। बाद में दुल्हन ने शादी से ही इन्कार कर दिया। परिजनों के समझाने पर वह शादी के लिए तैयार हुई। दोपहर बाद भांवरे हुईं। इसके बाद दुल्हन पीलीभीत स्थित ससुराल के लिए रवाना हुई।