रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों को जारी किए विषयवार नोटिस
विज्ञापन
परीक्षा कक्ष में प्रश्नपत्र वितरण से पहले परीक्षक देंगे परीक्षार्थियों को पूरी जानकारी
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय एक सितंबर से स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की अंतिम वर्ष की प्रवेश परीक्षाएं कराने की तैयारी में जुटा है। परीक्षाएं पुराने प्रश्नपत्रों से ही होंगी, लेकिन पैटर्न नया होगा। परीक्षा कक्ष में प्रश्नपत्र वितरण से पहले सभी परीक्षार्थियों को लिखित या मौखिक रूप से नए पैटर्न की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों को विषयवार नोटिस भी भेज दिए हैं।
कोरोना की वजह से विश्वविद्यालय स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की सभी विषयों की परीक्षाएं नहीं करा सका था। परीक्षाएं मार्च में रोक दी गईं थीं। अब एक सितंबर से स्नातक और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कराई जाएंगी। कोविड की वजह से परीक्षा की अवधि तीन के बजाय दो घंटे कर दी गई है। उसी हिसाब से प्रश्नों की संख्या भी कम की गई है। इसमें दिक्कत यह है कि विश्वविद्यालय पुराने प्रश्नपत्रों से ही नए पैटर्न पर परीक्षाएं करा रहा है। लिहाजा सभी परीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षार्थियों को नए पैटर्न और प्रश्न हल करने की समय सीमा की जानकारी परीक्षा शुरू होने से पहले ही दे दें। हालांकि परीक्षक पुराने प्रश्नपत्रों से परीक्षा कराने में दिक्कत आने की बात कह रहे हैं।
परीक्षाएं कराने के लिए आवश्यक सामग्री केंद्रों को भेजी जा रही है। परीक्षा नए पैटर्न के आधार पर कराने संबंधी नोटिस भी सभी महाविद्यालयों को भेजे जा चुके हैं। - संजीव कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक, रुहेलखंड विश्वविद्यालय