शिलापट्ट अनावरण कर राज्यपाल ने किया स्कूल का उद्घाटन
राज्यपाल ने शिलापट्ट का अनावरण कर लखनऊ पब्लिक स्कूल का उद्घाटन किया। इससे पूर्व फलों की टोकरी का स्पर्श कर बच्चों में वितरण के लिए दिया। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। स्कूल में मलिन बस्तियों के पांच बच्चों को शिक्षा देने के लिए कहा।
स्कूल संस्थापक एवं प्रतापगढ़ सांसद एसपी सिंह बघेल ने सीआईएससीई बोर्ड परीक्षा परिणाम में छात्र शिवम अवस्थी को 99.99 फीसदी अंक मिलने पर 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। इकरा आलम, समृद्धि द्विवेदी, जूही चौधरी, शाबिर प्रकाश श्रीवास्तव को भी 99 फीसदी अंक मिलने पर सराहा। यहां मेयर उमेश गौतम, जिपं अध्यक्ष रश्मि पटेल, कुलपति प्रो. केपी सिंह, पूर्व एमएलसी एवं मुख्य प्रशासक क्रांति सिंह, एमडी सुशील कुमार, महाप्रबंधक शिखर पाल सिंह, हर्षित सिंह अन्य लोग मौजूद रहे।
दिशा इंटर कॉलेज में मनाया गुजरात स्थापना दिवस समारोह
गुजरात स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय के तत्वावधान में दिशा इंटर कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विवि की कुलाधिपति राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने बहुउद्देशीय हॉल का शिलान्यास किया।
बापू बाजार में छात्रों की ओर से हस्तनिर्मित वस्तुओं को देखा। एक छात्र ने स्केच भेंट किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में गुजराती परंपरा, शिवस्त्रोत पर एकल नृत्य, गरबा, डांडिया, फैशन शो में महात्मा गांधी, सरदार पटेल के स्वरूप ने मन मोह लिया। विश्वविद्यालय से ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, क्षय रोग उन्मूलन और एचपीवी वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने के लिए कहा। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने स्कूल में प्रयोगशाला स्थापना, विज्ञान वर्ग की शुरुआत, नामांकन में 40 फीसदी बढ़त समेत अन्य जानकारी दी।