बरेली। पुलिस लाइन में चल रही 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक फुटबॉल (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का समापन शुक्रवार को पुरुष वर्ग की गोरखपुर की जीत के साथ हुआ।
फाइनल मुकाबला गोरखपुर जोन और मेरठ जोन के बीच खेला गया। खिताबी भिड़ंत में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी, लेकिन अंततः गोरखपुर जोन ने अपनी बेहतरीन रणनीति और आक्रामक खेल के दम पर मेरठ जोन को 3-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त मैदानी जंग देखने को मिली। फर्स्ट हाफ तक मुकाबला काफी बराबरी का रहा और दोनों टीमों ने 1-1 की बराबरी हासिल कर रखी थी। हालांकि, सेकेंड हाफ में गोरखपुर जोन की टीम ने खेल की रफ्तार बढ़ाई और आक्रामक रुख अपनाते हुए दो शानदार गोल दाग दिए। गोरखपुर जोन की ओर से खिलाड़ी कामरान ने बेहतरीन मैदानी तालमेल का परिचय देते हुए दो गोल दागे, जो जीत में निर्णायक साबित हुए। वहीं, मेरठ जोन की तरफ से राहिल ने अपनी टीम के लिए एकमात्र गोल किया।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि डीआईजी अजय कुमार साहनी ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के समापन के बाद खिलाड़ी अपने-अपने जोन में वापस लौटेंगे। इसके बाद स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड लखनऊ में एक मजबूत राज्य स्तरीय टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय स्तर की ऑल इंडिया पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी।