बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता (महिला वर्ग) में रविवार को गोरखपुर मंडल की टीम ने बस्ती को हराकर खिताब जीता। बास्केटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आगरा की टीम को एकतरफा मात देते हुए लखनऊ की टीम चैंपियन बनी।
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। हैंडबाल के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में अयोध्या को 21-16 से मात देकर गोरखपुर की टीम ने फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में बस्ती ने 32-12 से मेरठ की टीम को मात दी। गोरखपुर और बस्ती के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में गोरखपुर मंडल की खुशबू ने बेहतरीन अटैक और डिफेंस का प्रदर्शन किया। बस्ती को 30-25 के स्कोर से हराकर गोरखपुर की टीम चैंपियन बनी। हेमंत, हिमांशु, विवेक कुमार, अभिषेक कुमार, राशिद गाजी, शान, अनुष्का, श्रुति ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
लखनऊ मंडल की टीम ने जीती ट्रॉफी
बास्केटबाल प्रतियोगिता में लखनऊ की टीम ने ट्रॉफी जीती। फाइनल मुकाबला एकतरफा रहा। इसमें आगरा को 54-33 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में लखनऊ ने वाराणसी को 62-30 के स्कोर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में आगरा ने मेरठ को 52-38 के अंतर से हराया। फाइनल मुकाबले में लखनऊ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 54-33 के अंतर से आगरा को मात दी। निर्णायक मंडल में डेविड, मोहम्मद कमर, संजय सिंह, सोनेंद्र कुमार श्रोतिया, निर्भय चौधरी, सुमित सिंह, शरद, सुरेश शर्मा, प्रशांत कुमार शामिल रहे।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने विजेता व उपविजेता टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर वीके मिश्रा भी मौजूद रहे। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी अभिनव सिंह पुंडीर, आरएसओ जितेंद्र यादव, आरएसओ जौनपुर अतुल सिन्हा, जिला हैंडबाल संघ के सचिव फसील बेग, रेनू पटेल, राजेश यादव, आशू भारती, हरिशंकर मौजूद रहे। संवाद