बरेली में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। भाई के साथ रामगंगा नदी में स्नान कर लौट रही किशोरी के साथ दो शोहदों ने दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर उसके भाई को पीटा। किशोरी के निजी अंगों को चोट पहुंचाई।
बरेली के सिरौली क्षेत्र में रामगंगा नदी में स्नान करने के बाद घर लौट रही किशोरी से गांव के दो युवकों ने दुष्कर्म करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके नाजुक अंगों को जख्मी कर दिया। आरोप है कि जब पीड़िता का परिवार सिरौली थाने पहुंचा तो पुलिस ने तहरीर बदलवाकर मारपीट की एनसीआर दर्ज कर ली।
विज्ञापन
पीड़ित किशोरी के भाई ने बताया कि शनिवार को वह बहन के साथ रामगंगा नदी में स्नान करने गया था। लौटते समय गांव से थोड़ी दूरी पर पहले से परिचित दो युवकों ने बहन से छेड़खानी की। विरोध करने पर मेरी पिटाई करने के साथ बहन से दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसके नाजुक अंगों को चोट पहुंचाई।
बहन का कुंडल व पायल भी लूट ले गए। शिकायत लेकर बड़ागांव पुलिस चौकी पहुंचे तो पुलिस ने सिरौली थाने जाने की बात कही। वहां जाने पर तहरीर बदलवार मारपीट की एनसीआर दर्ज की। विरोध करने पर थाने से भगा दिया। सुनवाई न होने पर सोमवार को पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने भाई-बहनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और सिरौली पुलिस को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन
बड़ागांव पुलिस चौकी के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष घटना वाले दिन मेरे पास आया था। मैंने उनसे थाने जाने के लिए कहा था। मेडिकल के आधार पर धाराएं बढ़ा दी जाएंगी। वहीं, सिरौली इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने पीड़ित को थाने से भगाए जाने के बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार किया। कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में ही नहीं है।