शोहदे ने सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती से ढाई लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बिथरी चैनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बरेली में युवती की शादी दूसरी जगह करने पर शोहदा उसके फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोपी ने फोटो न डालने के बदले युवती से ढाई लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न्यायालय के आदेश पर बिथरी चैनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
भोजीपुरा थाने के एक गांव निवासी शख्स ने बताया कि बिथरी चैनपुर के भगौती राजाराम गांव निवासी नवी जान खां उसकी बहन से जबरन शादी करना चाहता था। चार साल पहले नवी जान ने उन्हें खेत में घेर लिया और इसके लिए दबाव डाला। मना करने पर उनके ऊपर फायर झोंक दिया था।
भोजीपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। वह युवती की तस्वीर के साथ परिजनों के नाम लिखकर सोशल मीडिया पर डालने लगा। इस पर नवी जान खां, मैजूम उर्फ रेहान और इस्लाम खां के खिलाफ शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर समझौता करना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने बहन की शादी सीबीगंज क्षेत्र में कर दी। नवी ने उनकी बहन का तलाक कराने के लिए उसके पति को उसके अश्लील फोटो भेज दिए। ये फोटो वायरल नहीं करने की एवज में ढाई लाख रुपये रंगदारी मांगने लगा। कोर्ट के आदेश पर बिथरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।