बरेली। दो दिन पहले करीब घंटे भर तक हुई बारिश के बाद फिर पारा झुलसाने लगा है। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के मुताबिक, करीब तीन दिन बाद अच्छी बारिश की उम्मीद है। इससे पहले तेज धूप और उमस हावी रहेगी। हल्के बादल भी मंडराएंगे मगर बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ हावी है मगर उच्च वायुदाब के चलते बारिश नहीं हो रही है। अगले दो से तीन दिन में निम्न वायुदाब बनने पर पहाड़ों के बादलों का मैदानी इलाकों में प्रवेश होगा। जैसे ही अनुकूल माहौल बनेगा बारिश होगी। जो दो से तीन दिन तक जारी रहने की उम्मीद है। रविवार को तापमान अधिकतम 36.5 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 68 से 81 फीसदी के बीच रहा।