भमोरा के गांव सरारी में जुए के विवाद में रघुवीर की हत्या का मामला
विज्ञापन
तनाव के चलते अंतिम संस्कार के दौरान गांव में तैनात रही पुलिस
भमोरा। सरारी गांव में रघुवीर की हत्या के बाद परिजन के अंतिम संस्कार से इनकार करने पर पुलिस बैकफुट पर आ गई। रविवार को पुलिस उसके भाई हुकुम सिंह और भतीजों गौतम व लालमन को लेकर गांव पहुंची। फिर हुकुम सिंह ने मुखाग्नि देकर उनका अंतिम संस्कार किया।
जुआ खेलते समय शुक्रवार शाम सरारी गांव में एक पक्ष के अमित व रामसरन और दूसरे पक्ष के लालमन व गौतम में मारपीट हो गई थी। लालमन और गौतम के ताऊ रघुवीर मामले की शिकायत करने पहुंचे तो दूसरे पक्ष ने लाठी डंडों से हमला कर दिया था। इस दौरान फायरिंग भी की गई थी। घायल रघुवीर की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर रघुवीर के भाई हुकुम सिंह, उसके भतीजे गौतम और लालमन को हिरासत में ले लिया था। इससे गुस्साए परिजन ने शनिवार को रघुवीर को अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था। सीओ आंवला चमन सिंह चावड़ा रात तक लोगों को समझाते रहे लेकिन वे नहीं माने और हिरासत में लिए लोगों को गांव लाने पर अड़े रहे। रविवार को भमोरा पुलिस हिरासत में लिए रघुवीर के भाई हुकुम सिंह और भतीजों गौतम व लालमन को लेकर गांव पहुंची। परिवार वालों को समझाकर दूसरे पक्ष पर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो हुकुम सिंह ने मुखाग्नि देकर रघुवीर का अंतिम संस्कार किया। तनाव के चलते गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।