आंवला। भाजपा मंडल अध्यक्ष के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल मुरादाबाद की महिला के गले से सोने का हार लुटेरा झपट ले गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वधू पक्ष की ओर से आए पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सीओ और थानाध्यक्ष को घटना के खुलासे के लिए निर्देश दिए हैं।
थाना सिरौली क्षेत्र के गांव शिवपुरी निवासी गुलड़िया मंडल अध्यक्ष शोभाराम शर्मा की बेटी की शादी कस्बा के मोहल्ला पटी गली निवासी अर्पित शर्मा के साथ तय हुई थी। मंगलवार रात कस्बे के रामनगर रोड स्थित बरात घर में आयोजित समारोह में वर व वधू पक्ष के लोग मौजूद थे। रात करीब 11 बजे जब दूल्हा बरात लेकर विवाह स्थल पर पहुंचा तो बरात देखने के लिए बरात घर से निकल कर दरवाजे पर आई मुरादाबाद के फरीदपुर बेहटी से दूल्हे की बहन की ननद अल्पना से लुटेरे ने उनके गले से सोने का हार झपट लिया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने लुटेरा का काफी दूर तक पीछा भी किया, पर वह भाग गया। संवाद
बरातघर में नहीं था कोई कैमरा
दूल्हे के पिता धर्मपाल शर्मा ने बताया कि घटना के बाद बरातघर में लगे सीसी कैमरे भी खंगाले गए, पर बरात घर के बाहर कोई भी कैमरा नहीं था। बरात घर व पड़ोस के रेस्टोरेंट में भी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था और कैमरे नहीं थे। इसको लेकर बरात घर संचालक से तीखी नोकझोंक भी हुई। बुधवार को थाना पुलिस में घटना से संबंधित तहरीर भी दी गई। छीना गया हार पांच तोले सोने का था। बरात में शामिल ड्रोन कैमरे में घटना से संबंघित कुछ फुटेज आए हैं, जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसी कैमरे से फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।