बरेली। संजय नगर स्थित सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-दो में दो दिवसीय ग्रैंडप्रिक्स-2026 ताइक्वांडो चैंपियनशिप का शनिवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में शहर के 20 से अधिक विद्यालयों के लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन फ्रेशर गर्ल्स, फ्रेशर बॉयज, पीबी गर्ल्स और पीबी बॉयज वर्ग के कड़े मुकाबले देखने को मिले।
फ्रेशर बॉयज वर्ग में सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-2 के समर्थ गंगवार और दिव्यम पटेल ने स्वर्ण पदक जीता। फ्रेशर गर्ल्स वर्ग में जिंगल बेल्स पब्लिक स्कूल की सांची सिंह, श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल की अनिका सिंह और जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल की उर्मिला थापा ने सोने पर कब्जा जमाया। सेक्रेड हार्ट्स सीनियर सेकंडरी स्कूल (नैनीताल रोड) की काव्या अग्रवाल को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
पीबी गर्ल्स वर्ग में सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-1 (प्रेम नगर) की ईशावीं और सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-2 की विधि ने अपने बेहतरीन दांव-पेंच की बदौलत स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसी वर्ग में सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-1 की श्रियांशी आर्या व मिश्ती, और सेक्रेड हार्ट्स किडुकेशन-2 की आश्विका राणा ने रजत पदक हासिल किया।
इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त डीएसपी जगदीश पाटनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बैंड की मधुर धुनों के साथ गणेश वंदना और मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा कांडपाल ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक बेहद महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यालय की निदेशिका राधा सिंह, निदेशक निर्भय बेनीवाल और शिक्षा निदेशिका सुनाली चौधरी मौजूद रहीं।