बरेली। शील चौराहे पर डोसा खाने गईं युवतियों का आरोपियों ने पीछा किया। मोबाइल नंबर न देने पर जान से मारने की धमकी दी। युवतियों की शिकायत पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों का चालान किया गया है।
उत्तराखंड के एक जिले की रहने वाली युवती ने थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम को बताया कि वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली अपनी एक दोस्त के साथ मंगलवार को शील चौराहे पर डोसा खाने गई थी। वहां मौजूद एक युवक से उसने टिश्यू मांगा। विक्रेता को भुगतान करने के बाद वह दोस्त के साथ वहां से चल दी।
रास्ते में बांके बिहारी मंदिर के पास वही युवक बुलेट बाइक पर अपने दोस्त के साथ आया और बोला कि उसने विक्रेता को ज्यादा रुपये दे दिए हैं। आरोपियों ने मोबाइल नंबर मांगा। अनसुना कर वह आगे बढ़ गईं।
22 अक्तूबर को शाम करीब सात बजे वह लोग दोबारा शील चौराहे की तरफ गए तो आरोपियों ने उनका पीछा किया। इसका उन्होंने वीडियो बनाया। शील चौराहे पर खड़े पुलिसकर्मियों को जानकारी दी तो उन्होंने आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम दिनेश गुप्ता और रोहित कक्कड़ बताए। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद