बरेली के थाना कैंट क्षेत्र निवासी एक युवती ने अपने प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती युवती ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, ब्लैकमेल और जान लेने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित युवती के अनुसार, करीब तीन साल पहले मुजीब से उसकी मुलाकात हुई थी। वह पड़ोस में किराए पर रहता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इस बीच मुजीब ने शादी का वादा किया।
होटलों में ले जाकर किया यौन शोषण
युवती का आरोप है कि इसी भरोसे पर वह उसे कई बार होटलों में ले गया और जबरन संबंध बनाता रहा। पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी अपने साथियों के साथ उसके घर आया और रिश्ता तय कर 15 अप्रैल की तारीख भी तय कर दी गई लेकिन 13 अप्रैल को वह शादी से मुकर गया और उसके अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर पीड़िता और उसकी मां से फोन पर गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। 18 अप्रैल को आरोपी ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर मौके से भाग गया।
आत्महत्या के लिए उकसाया
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया और अपने भाई के जरिए ज़हर भिजवाकर उसे खाने पर मजबूर किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पीड़िता का कहना है कि मुजीब से प्रेम संबंध के चलते उसने अपने पति को भी छोड़ दिया था, लेकिन अब न तो प्रेमी ने साथ दिया और न ही पति का उसका सहारा रहा। उसका आरोप है कि मुजीब ने सोची समझी साजिश के तहत उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। पीड़िता ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी है।