बरेली। रामपुर निवासी युवती मोहल्ले के प्रेमी की शादी रुकवाने परिजनों के साथ प्रेमनगर स्थित बरातघर में आ धमकी। प्रेमिका ने बरातघर पर पुलिस की मौजूदगी में काफी हंगामा किया, लेकिन कानूनी रूप से पक्ष कमजोर होने के कारण उसे लौटना पड़ा।
रामपुर के मिलक क्षेत्र की युवती का उसके मोहल्ले के युवक से सात साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने प्रेमी पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। युवक ने इसके बाद बरेली निवासी दूसरी लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली। बृहस्पतिवार को युवक और उसकी पत्नी के परिजनों ने आपसी सहमति से हिंदू रीति रिवाज से विवाह करने के लिए प्रेमनगर की अशरफ खां चौकी के पास एक बरातघर में समारोह का आयोजन किया था।
युवक की प्रेमिका को इस बारे में पता चला तो वह परिजनों को लेकर यहां आ धमकी। बरातघर के अंदर युवक की शादी की खुशी में दावत चल रही थी। युवती ने मौके पर पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंचे दरोगा ने अधिकारियों को इस बारे में सूचना दी। जांच में युवक की भूमिका कानूनी रूप से ठीक मिली तो शादी समारोह को नहीं रोका गया। युवक ने जिस लड़की से शादी की है, उसके परिजनों ने प्रेमिका के खिलाफ तहरीर देने की बात कही। ब्यूरो
रामपुर जिले में दुष्कर्म की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। उसमें चार्जशीट होने व लड़के के हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे लाने की जानकारी मिली है। दूसरी लड़की से कोर्ट मैरिज कर चुका है, अब केवल सामाजिक दिखावे के लिए कार्यक्रम हो रहा है। ऐसे में रामपुर की लड़की को अपने मुकदमे की पैरवी तेज करने की सलाह देकर भेज दिया गया। - आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम