बरेली जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी करने वाली एक युवती सरकारी अनुदान राशि मिलने के बाद अपने प्रेमी के साथ चली गई। युवती ने आर्य समाज मंदिर में प्रेमी से विवाह कर लिया है। अब उसने अपने पिता से जान का खतरा बताते हुए एसएसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
यह हैरान करने वाला मामला आलमपुर जाफराबाद से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 19 अक्तूबर को ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित हुआ था। इसमें युवती की शादी परिवार की मर्जी से बदायूं के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। विवाह के बाद वह अपनी ससुराल गई थी।
पीड़ित युवक ने बताया कि 28 अक्तूबर को उसकी पत्नी के खाते में सरकारी अनुदान के 64 हजार रुपये आए थे। उसी दिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। युवक ने बताया कि पत्नी ने आर्य समाज मंदिर में अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली है। उसका प्रेमी बिशारतगंज क्षेत्र का रहने वाला है।