प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ दिसंबर को बीमा सखी योजना को शुभारंभ करेंगे। बरेली में बीमा सखी बनने के लिए 147 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त व आर्थिक आजादी प्रदान करना है।
बरेली कॉलेज की कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल और भारतीय जीवन बीमा निगम के सहयोग से शनिवार को 'बीमा सखी अभिकर्ता' पंजीकरण कराया गया। इसमें 147 छात्राओं ने आवेदन किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने निगम के अधिकारियों से योजना संबंधी सवाल पूछे। कई छात्राओं ने पंजीकरण तिथि बढ़ाने का आग्रह किया।
विज्ञापन
कॅरिअर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. राजीव यादव के अनुसार पंजीकृत छात्राएं नौ दिसंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए सुबह 11 बजे महाविद्यालय के सेमिनार हॉल के सामने एकत्र होंगी। यहां से बस उन्हें एग्जीक्यूटिव क्लब पहुंचाएगी। ऑनलाइन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री छात्राओं से संवाद कर सकते हैं। छात्राएं अपने साथ माता-पिता या भाई-बहन को लेकर पहुंचे, ताकि उन्हें परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे, डॉ. अरविंद गंगवार, डॉ. अंकुर, संजय कुमार, राहुल मिश्रा, विनय कुमार सिंह उपस्थित रहे।
बीमा सखी योजना के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
साहू रामस्वरूप महिला महाविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल व जीवन बीमा निगम की ओर से शनिवार को बीमा सखी योजना शिविर लगाया गया। निगम कैंट शाखा प्रबंधक परेश कुमार सिंह ने बीमा सखी योजना के प्रति विद्यार्थियों को जानकारी दी। एलआईसी प्रमुख सलाहकार आशीष अग्रवाल ने छात्राओं को पॉलिसी पर प्राप्त होने वाले कमीशन और बोनस के बारे बताया। इस दौरान प्राचार्य प्रो. अनुपमा मेहरोत्रा, प्रो. कनिका अग्रवाल, प्रो. सीमा अग्रवाल, डॉ. गीत चावला, डॉ. अलका जायसवाल, डॉ. प्रज्ञा रावत उपस्थित रहीं।