फतेहगंज पूर्वी। बिलपुर रेलवे क्राॅसिंग के पास कोचिंग पढ़ने जा रही दसवीं की छात्रा डाउन लाइन पर रेलवे ट्रैक को पार करते समय बृहस्पतिवार सुबह सात बजकर 40 मिनट पर सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान करीब आधे घंटे तक शव ट्रैक पर पड़ा रहा। हादसे के बाद 40 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा। किसान एक्सप्रेस और वाराणसी जम्मूतवी एक्सप्रेस सहित बेगमपुरा एक्सप्रेस को बिलपुर स्टेशन और आउटर पर खड़ा किया गया।
घटनास्थल पर थाना पुलिस के साथ आरपीएफ पुलिस और जीआरपी पुलिस भी पहुंची। छात्रा की पहचान लेखपाल कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय सोनम पुत्री ओमवीर के रूप में की और उसके शव को रेलवे ट्रैक से हटवाकर रेल यातायात 40 मिनट बाद सुचारू कराया। स्टेशन अधीक्षक बिलपुर प्रदीप कुमार साहू और रेलवे के चौकी इंचार्ज बिलपुर नरवीर सिंह ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आकर छात्रा की मौत हुई थी। परिजनों ने पोस्टमाॅर्टम कराने से इंकार कर दिया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मानसिक रूप से थी बीमार
परिजनों ने बताया कि सोनम कक्षा दसवीं में पढ़ती थी। प्रतिदिन फाटक पार कर कोचिंग पढ़ने जाती थी। उसका छोटा भाई छोड़ने जाता था, लेकिन बृहस्पतिवार को वह अकेली गई थी। तभी लाइन पार करते समय वह किसी वजह से पटरी पर गिर गई और ट्रेन की चपेट में आ गई। परिजनों ने बताया कि सोनम मानसिक रूप से बीमार थी। उसका कई वर्षों से इलाज चल रहा था।
दो ऑटो में टक्कर, पांच यात्री गंभीर घायल
फरीदपुर। फरीदपुर से बरेली जा रहा ऑटो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ऑटो में टकरा गया। इसमें पीछे वाले ऑटो में बैठे यात्री गंभीर घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने ऑटो चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है।
मोहल्ला ऊंचा निवासी मोहम्मद सलमान ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि कस्बे के मोहल्ला मिर्धान निवासी चालक के ऑटो पर बैठकर उसके परिवार के लोग बरेली जा रहे थे। ऑटो चालक लापरवाही से ऑटो चला रहा था। बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर केसरपुर गांव के समीप आगे जा रहे ऑटो में दूसरा ऑटो घुस गया। चालक के ऑटो में बैठे सलमान के परिवार के समापरवीन, साजिया, दो बच्चे साहिल और ऑफिसर की बेटी समेत पांच लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भेजा गया। फरीदपुर थानाध्यक्ष राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया है। संवाद
रेलवे के चौकी इंचार्ज बिलपुर नरवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर जाकर शव को टैक से हटवाकर रेल यातायात सुचारू करवाया। संवाद
-
कार और बाइक में भिड़ंत में दो युवक घायल
शीशगढ़। गांव गिरधरपुर के पास शाम में शीशगढ़-धनेटा मार्ग पर एक कार और बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार दोनों लोगों के चोटें आई हैं। मोहल्ला शरीफ नगर निवासी घायल युवक के पिता जलील अहमद ने बताया कि दोनों युवक शीशगढ़ के पास बनी हीरो एजेंसी पर बाइक सही कराकर वापस लौट रहे थे कि सामने से आ रही एक कार से टक्कर हो गई। इसमें 20 वर्षीय अथर गंभीर घायल हो गया। पीछे बैठा कलीम को चोटें आई हैं। थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवकों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। दुर्घटना में कार और बाइक को थाने ले जाया गया, दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। अगर तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद