एसएसपी और एसपी सिटी ने घटनास्थल का मुआयना किया।
- फोटो : संवाद
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवती का शव खेत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। देर शाम मृतका की शिनाख्त शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी नीतू के रूप में हुई। वह डीएलएड की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। उसकी हत्या किसने और क्यों की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस टीमें जांच कर रही हैं।
छात्रा का शव लखनऊ हाईवे से करीब चार सौ मीटर अंदर एक खेत में मिला। उसने कॉलेज ड्रेस पहन रखी थी। उसके गले पर दबाने जैसे निशान थे। हाथ-पैर पर भी चोट के निशान मिले हैं, जो संघर्ष का संकेत देते हैं। ग्रामीणों की सूचना पर सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
एआई तकनीक से हुई पहचान
थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य और पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) मानुष पारीक ने घटनास्थल का मुआयना किया। एआई तकनीक से छात्रा का फोटो साफ कई थानों में भेजा गया। जानकारी मिलने पर रात में पहुंचे परिवार वालों ने उसकी पहचान की। उन्होंने कुछ नाम बताए हैं, जिनकी तलाश के लिए एसएसपी ने चार टीमें लगाई हैं।