बरेली में एक युवती ने फराह बेगम उर्फ लकी नाम की महिला पर धर्म परिवर्तन कराने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि पिता के घर लौटने के बाद उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और ब्लैकमेल भी किया जा रहा है।
किला थाना क्षेत्र के कूंचा रतन चंद निवासी महिमा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आठ साल पहले परवेज नगर घोषिया मस्जिद निवासी फराह बेगम का उसके पिता नरेंद्र गुप्ता के घर आना-जाना था। कुछ समय बाद फरहा ने उसे बहला-फुसलाकर पिता के खिलाफ भड़काया और 2018 से अपने घर रख लिया। महिमा के अनुसार, फरहा ने उसे मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़ाकर धर्म परिवर्तन कराया। हाल ही में रक्षा बंधन के दिन फरहा ने उसे कमरे में बंद कर पीटा। इसके बाद महिमा किसी तरह अपने पिता के घर वापस आ गई।
यह भी पढ़ें- महंगाई की बुनियाद पर बन रहा घर: दस फीसदी तक बढ़ गए निर्माण सामग्री के दाम, मजदूरी में भी इजाफा
महिमा का आरोप है कि फरहा लगातार उसके घर की रेकी कर रहा है। जान से मारने और उसके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी रही है। उसने तेजाब फेंककर चेहरा बिगाड़ने की भी धमकी दी है। सीओ नितिन कुमार ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।