बरेली। डीएम ने शनिवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ)/एसडीएम एवं उनके सहायकों के साथ एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) के संबंध में बैठक की। इसमें निर्देश दिए कि जिन बूथों पर अधिक संख्या (मृतक, शिफ्टेड, अनुपस्थित) में वोटर एसआईआर से वंचित रह गए हैं, उनकी सघन जांच कर लें।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने ईआरओ से कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेबसाइट पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की वर्ष-2003 की मतदाता सूची का डाटा अपलोड है, इसकी जांच करा लें। इस संबंध में डीएम ने सभी ईआरओ से प्रमाणपत्र भी मांगा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक) फाॅर्म पर बीएलओ की रिपोर्ट आवश्यक है। एएसडी फाॅर्म का बूथ वार रख-रखाव हो। डीएम ने कहा कि बूथ वार बीएलओ और बीएलए की बैठकें 8, 12 व 13 दिसंबर तक करा ली जाएं।
चार दिसंबर की एसआईआर रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में बूथों से गैर हाजिर वोटरों का कुल प्रतिशत 14.06 है। इसमें सबसे अधिक 21.47 प्रतिशत बरेली नगर विधान सभा क्षेत्र का है, जबकि सबसे कम 10.06 प्रतिशत नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में है। संवाद