बरेली। सरकारी गल्ले की दुकानों से सस्ता राशन बांटे जाने की तैयारी शुरू हो गई है। अब सभी कार्डों पर चावल तीन और गेहूं दो रुपये किलो मिलेगा। यह कवायद राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लागू होने के तहत हो रही है। इसके तहत बृहस्पतिवार से गोदामों से राशन का उठान शुरू हो गया।
इस योजना के तहत अन्त्योदय कार्ड धारक को 35 किलो और अन्य कार्डों को प्रति यूनिट पांच किलो अनाज मिलेगा। इसके चलते मंडल में पांच हजार टन अनाज अतिरिक्त आवंटन बढ़ा दिया है। अब बरेली मंडल में 46,142 टन गेहूं चावल हर महीने बांटा जाएगा जबकि जिले में 12 सौ टन अतिरिक्त चावल और गेहूं मिलेगा। डीएसओ केएल तिवारी के अनुसार सबसे ज्यादा शिकायतें राज्य खाद्य निगम और भारतीय खाद्य निगम से रहती हैं इसलिए त्रिस्तरीय निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करायी गयी है। खाद्य उपायुक्त जीपी राय ने बताया कि अधिनियम लागू होने से विभाग पर नई जिम्मेदारी आई है। दुकानों पर पूरा खाद्यान्न सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए पहली बार तौल व्यवस्था लागू हुई है। गोदामों से दुकानों पर अब बोरे की गिनती में उठान नहीं होगा।
अब तक यह थी व्यवस्था
अभी तक अन्त्योदय कार्ड पर गेहूं दो और चावल तीन रुपये किलो, बीपीएल में गेहूं पांच और चावल सात रुपये किलो और एपीएल कार्डों पर सिर्फ गेहूं सात रुपये किलो मिल रहा था। अब मार्च से सभी कार्डों पर चावल तीन और गेहूं दो रुपये किलो मिलेगा। अगले महीने से कोटेदार का कमीशन 40 से बढ़कर 70 पैसे प्रति किलो हो जाएगा।
नाम सही कराएं
डीएसओ केएल तिवारी ने बताया कि जिनके कार्ड में गलत नाम प्रिंट हो गया है अथवा सूची में नाम नहीं हैं वे जन सुविधा और लोकवाणी केंद्र से ऑनलाइन संशोधन और राशनकार्ड फार्म भर सकते हैं।