बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की वैष्णो धाम कॉलोनी में महिला की हत्या के मामले में उसके फौजी पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की वैष्णो धाम कॉलोनी में मंगलवार को घर के अंदर फौजी की पत्नी गीता देवी की हत्या गला दबाकर की गई थी। मृतका के भतीजे ने महिला के फौजी पति, देवर और ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पोस्टमॉर्टम में भी गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
विज्ञापन
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी निवासी सचिन कुमार यादव ने सुभाषनगर पुलिस को बताया कि उसकी बुआ गीता देवी वैष्णो धाम कॉलोनी कॉलोनी में रहती थीं। बुआ के साथ उनके दो बेटे और उसके छोटे भाई का बेटा यशवर्धन भी रहते थे। उसके फूफा भारत सिंह फौज में हैं। सचिन ने बताया कि उसकी बुआ गीता यादव ने मंगलवार को सुबह 11 बजे उसकी बहन शीतल को कॉल करके बताया था कि तेरे फूफा आने वाले हैं। यशवर्धन को स्कूल से ले आना। उसके बाद फोन पर ही बुआ ने कहा कि वह आ गए हैं, फिर अचानक कॉल कट गई।
आरोपी के किसी महिला से हैं संबंध
सचिन का आरोप है कि उसके फूफा के संबंध एक अन्य महिला से हैं। मंगलवार को फूफा ने अकेला देखकर बुआ की गला दबाकर हत्या कर दी। इस दौरान आते-जाते वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि भारत सिंह, उसके भाई और पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया गया है।