स्कूलों और विभिन्न संगठनों की ओर से ध्वजारोहण समेत आयोजित हुए कई सांस्कृतिक कार्यक्रम
बरेली। गणतंत्र दिवस की 71वीं वर्षगांठ पर शहर भर में देशभक्ति के तराने गूंजते रहे। स्कूलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने ध्वजारोहण किया और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर जश्न मनाया। इसमें जयनारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिता आयोजित हुई। विजेताओं को मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष समेत प्रधानाचार्य बृजमोहन शर्मा ने पुरस्कार से नवाजा।
श्री विष्णु बाल सदन जूनियर हाईस्कूल में ध्वजारोहण और परेड हुई। रानी लक्ष्मीबाई सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल सुर्खा छावनी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। राजकीय इंटर कॉलेज में चल रहे एनसीसी कैंप में 21वीं वाहिनी एनसीसी के कमांडेंट लेफ्टीनेंट कर्नल शिशिर अवस्थी ने ध्वजारोहण किया। जोगी नवादा प्राइमरी स्कूल में बच्चों को पुस्तक और मिठाई बांटी गई। आर्य पुत्री इंटर कॉलेज में स्कूल परिसर को देशभक्ति के रंगोें से सराबोर कर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। नैनीताल मार्ग सरस्वती शिशु मंदिर में रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। सरस्वती शिशु मंदिर गांधीनगर में लघु नाटिका के जरिए देशभक्ति का महत्व बताया गया। इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्या चमन जहां ने ध्वजारोहण किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं समेत परेड में प्रथम आने पर छात्राओं को पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। आदर्श विद्या मंदिर मढ़ीनाथ में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों ने प्रधानाचार्य रमेश चंद्र वर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कस्तूरबा नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर भीमनगर, खलील हायर सेकेंडरी स्कूल, राम भरोसे गर्ल्स इंटर कॉलेज, केडीईएम इंटर कॉलेज, बरेली इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
इसके अलावा एसआर इंटरनेशनल में भी बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। कर्नल प्रशांत कुकरैती ने संविधान के बारे में बच्चों को जानकारी दी। थ्री डॉट्स स्कूल में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्टेडियम रोड स्थित कैंब्रेज स्कूल में गणतंत्र दिवस पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। गीत प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को सम्मानित किया गया। द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, खत्री मॉन्टेसरी स्कूल, अंगूरी देवी इंग्लिश बाल विद्यालय, रोहिलाज इंटरनेशनल स्कूल में भी झंडा फहराया गया। क्रिएथिक्स पब्लिक स्कूल संजय नगर में मुख्य अतिथि विद्यालय अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। राधा माधव पब्लिक स्कूल में प्रबंधक राकेश कुंवर ने ध्वजारोहण किया।
नॉर्थ सिटी एक्सटेंशन में हुए कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस पर नॉर्थसिटी एक्सटेंशन में सुबह सेंट्रल पार्क में ध्वजारोहण के बाद कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पंकज सिन्हा ने बताया कि इस दौरान देशभक्ति के गीत गाए गए। उत्तरांचल के संगीत गुरु कौशल ने लोगों को कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष टीएस अजवानी समेत गौतम सक्सेना, वीरेंद्र जोशी, डॉ. विकास वर्मा, डॉ. जगवीर त्यागी समेत सीनियर सिटीजन और अन्य लोग मौजूद रहे।
टॉपर्स और खिलाड़ी हुए सम्मानित
एफ आर इस्लामिया इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मेजर जावेद खालिद और प्रबंध समिति के अध्यक्ष ईसार अहमद ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद कॉलेज 10 टॉपर छात्रों को एक-एक हजार के चेक और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। स्कूल की टीम को मंडल स्तर पर जीतने पर 51 हजार का चेक और ट्रॉफी प्रदान की गई। कॉलेज प्रबंधक ने छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का और डॉ. मेहंदी हसन ने छात्रों को कठिन परिश्रम का महत्व बताया।