बरेली। टिसुआ की शिवनगर रेलवे क्रासिंग पर सोमवार सुबह चीनी मिल से मैली भरकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की कपलिंग टूट गई। इस वजह से ट्रॉली ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। आरपीएफ ने ट्रॉली को ट्रैक से हटवाकर ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। इस बीच इधर से गुजर रही गरीबरथ एक्सप्रेस करीब 25 मिनट तक बिलपुर स्टेशन पर खड़ी रही।
सोमवार सुबह नौ बजे पचौमी द्वारिकेश चीनी मिल से ट्रैक्टर ट्रॉली मैली भरकर ले जा रही थी। टिसुआ के पास शिवनगर रेलवे क्रॉसिंग पर अप लाइन पर ट्रैक्टर ट्रॉली की कपलिंग टूट गई। इससे ट्रैक बाधित हो गया। गेटमैन की सूचना पर बिलपुर रेलवे स्टेशन से पहुंची आरपीएफ ने ट्रॉली को दूसरे ट्रैक्टर में जोड़कर हटवाया। आरपीएफ ने ट्रैक्टर ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ ने बताया कि ट्रैक बाधित होने की वजह से शाहजहांपुर से बरेली की ओर जा रही गरीबरथ एक्सप्रेस को करीब 25 मिनट तक बिलपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा।