बरेली। श्रीगणेश महोत्सव की धूम चरम पर है। रविवार को मटकी फोड़ कार्यक्रम के साथ ही पंडालों में झांकियों का प्रदर्शन किया गया। कई जगह विसर्जन यात्राएं भी निकाली गईं। भक्तों ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए शोभायात्राएं निकालकर गणपति बप्पा को विदा किया।
मटकी फोड़ कार्यक्रम में जुटी भीड़
श्री गणेश पूजन समारोह समिति की ओर से चौकी चौराहा पर मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ने के लिए युवाओं के बीच जद्दोजहद का नजारा देखने के लिए भारी भीड़ एकत्र हो गई। मटकी फोड़ने के लिए बनाई जा रही मीनार बार-बार टूटती और उसे फिर बनाने की कई कोशिश के बाद आखिर सफलता मिली तो गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण गूंज गया। इसके बाद शाम को शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह चौकी चौराहा से कालीबाड़ी पटेल चौक, चौपुला पुल और करगैना के रास्ते रामगंगा पहुंची। जहां प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इसमें भूपेंद्र नाथ वर्मा, नारमू नायक, आदित्य सोम वर्मा, हरीश भाटिया, प्रकाश नायक आदि मौजूद रहे।
यात्रा निकालकर किया गणेश प्रतिमा का विसर्जन
श्री गणेश उत्सव समिति की ओर से गणेश उत्सव कार्यक्रम का अंतिम पड़ाव था, जो प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। इससे पूर्व कालीबाड़ी स्थित गद्दी पर श्री गणपति महाराज का विधिवत पूजन संपन्न हुआ। मुख्य यजमान राजू खंडेलवाल और सुनीता खंडेलवाल ने गणपति महाराज की पूजा अर्चना की। इसके बाद सभी गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया... अगले बरस तू जल्दी आ.. जैसे उद्घोष करते ढोल नगाड़े की धुन पर नाचते गाते भक्तगणों ने रामगंगा घाट पहुंच कर विघ्नहर्ता गणपति को अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर रजत शर्मा, सुनील खंडेलवाल, अभिषेक गौड़, कैलाश शर्मा, प्रथमेश गुप्ता, योगेंद्र खंडेलवाल, रजनीकांत खंडेलवाल आदि शामिल रहे। महामंत्री अजयराज शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
झांकियों के प्रदर्शन ने किया आकर्षित
श्री गणेश महोत्सव समिति एवं मराठा बुलियन एसोसिएशन की ओर आलमगीरीगंज की बाबूराम धर्मशाला में गणेश महोत्सव झांकियों के नाम रहा। यहां गणपति बप्पा के दरबार में भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्री भोलेनाथ, सुदामा जी और भगवान गणेश की झांकियां प्रस्तुत की र्गइं। इसमें बाहर से आए कलाकारों ने अपनी भजन गायकी से भक्तजनों को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इस अवसर पर आरती पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने की। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने भगवान गणेश का विधिवत पूजन किया। इस दौरान महानगर सर्राफ एसोसिएशन के पदाधिकारी संदीप अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या हुई
श्री शिवशक्ति दुर्गा धाम मंदिर दरगइया गली के पंडाल में सुबह गणेश महाराज का पूजन पंडित लोकेश मिश्रा ने संपन्न कराया। दोपहर में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। शाम को भजन संध्या में राजेंद्र गुलाटी ने भजन प्रस्तुत कर भक्तिरस की धारा प्रवाहित की। इसमें, आप तो कृपा करो श्री राधा.. मेरी विनती यही है राधा रानी.. तेरी जय हो गणेश तेरी जय हो.. जैसे भजन प्रस्तुत किए। इस दौरान विकास मेहरोत्रा, अमित अरोड़ा, विवेक कक्कड़, मुनीश कुमार, डॉ. राजीव रस्तोगी, कमल टंडन आदि मौजूद रहे।
छप्पन भोग लगाया, झांकियों का किया प्रदर्शन
श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव समिति की ओर से कटरा के राजा पंडाल में छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मथुरा से आए कलाकारों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया। शिव परिवार सेवा समिति की ओर से सुभाष बाल वाटिका बिहारीपुर में गणेश उत्सव धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। प्रतिदिन रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं। रविवार की सेवा में भगवान शंकर का प्रदोष पूजन किया गया। इसमें भगवान शंकर की सुंदर झांकी और भजन प्रस्तुत किए गए। राजेंद्रनगर के द ग्रेट गणपति महोत्सव में दिल्ली और वृंदावन के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से धूम मचा दी।
कटरा के राजा पंडाल में सांस्कृत कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार । संवाद- फोटो : CITY