बरेली। उत्तर प्रदेश टीचर प्रीमियर लीग (यूपीटीएल) सीजन-2 के दूसरे दिन बेसिक शिक्षकों के बीच जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। जीपी क्रिकेट मैदान और श्रेयांस प्ले स्टेशन पर खेले गए कुल छह मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट की तस्वीर साफ हो गई है। ग्रुप-ए से गंगा ज्योति ब्लास्टर और टीसीसी बुलंदशहर ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। ग्रुप-बी से ग्लोबल पिच स्मैसर्स और ओमेगा सुपर किंग्स अंतिम चार में पहुंचने में सफल रही हैं।
जीपी ग्राउंड पर हुए मैच में ग्लोबल पिच स्मैसर्स ने इंटरनेशनल सिटी लायंस को 26 रनों से हराकर शानदार शुरुआत की। इस मैच में बीके सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टीएससीटी ने ग्लोबल पिच स्मैसर्स को चार विकेट से शिकस्त देकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
इस मैदान का आखिरी मैच टीसीसी बुलंदशहर रॉयल और टीएससीटी के बीच बेहद रोमांचक रहा। टीसीसी बुलंदशहर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए और जवाब में टीएससीटी की टीम 173 रन ही बना सकी। महज चार रन की इस जीत के साथ बुलंदशहर की टीम ने सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया।
श्रेयांस प्ले स्टेशन पर खेले गए ग्रुप-बी के मैचों में धीरू इंटरप्राइजेज ने सिंह पावर राइडर को 66 रनों के बड़े अंतर से मात दी। गंगा ज्योति ब्लास्टर ने सिंह पावर राइडर को पांच विकेट से हराकर जीत दर्ज की। ओमेगा सुपर किंग्स ने गंगा ज्योति ब्लास्टर के 139 रनों के लक्ष्य को मात्र 15.1 ओवर में हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मुकुल को इस मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।
टूर्नामेंट का अंतिम और निर्णायक चरण मंगलवार को जीपी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर होगा। पहला सेमीफाइनल ओमेगा सुपर किंग्स और टीसीसी बुलंदशहर के बीच होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ग्लोबल पिच स्मैसर्स का सामना गंगा ज्योति ब्लास्टर से होगा। इन दोनों मैचों के विजेता ग्रैंड फिनाले में ट्रॉफी के लिए आपस में भिड़ेंगे।