बरेली के इज्जतनगर के सुनसान इलाके में 12वीं की छात्रा के साथ छह लड़कों ने दुष्कर्म किया। छात्रा अपने दोस्त और उसके साथी के साथ स्कूटी पर घूमते हुए इधर पहुंची थी।
लड़कों ने उसके दोस्त को पीटकर बेहोश करने के बाद वहीं एक खेत में फेंक दिया जबकि उसका साथी स्कूटी लेकर भाग निकला। इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बारादरी इलाके में रहने वाली छात्रा के मुताबिक 31 मई को वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर घूमने निकली थी। दोस्त के साथ उसका एक साथी भी था। दोपहर करीब तीन बजे बड़ा बाईपास पार करने के बाद वे लोग भगवानपुर धीमरी गांव की ओर निकले तो नहर की पुलिया के पास छह लड़कों ने उन्हें घेरकर रोक लिया।
तीन लड़कों ने उसे पकड़ लिया और बाकी ने उसके दोस्त को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच मौका पाकर दोस्त का साथी स्कूटी लेकर भाग निकला। मारपीट से बेहोश हुए दोस्त को एक खेत में फेंकने के बाद लड़के उसे चाकू दिखाकर धमकाते हुए नहर की झाड़ियों में खींच ले गए जहां उसके साथ मारपीट करते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपी उन्हें छोड़कर भाग निकले।